Showing posts with label #पुस्तकसमीक्षा. Show all posts
Showing posts with label #पुस्तकसमीक्षा. Show all posts

Sunday, 21 December 2025

एलियट साहब - मद्रास और दरभंगा

अभी पिछले दिनों जब मद्रास में था तो ड्राइवर ने कहा - “ये एलियट बीच है सार (सर)” - उस वक्त मानसिक व्यस्तता की वजह से मैंने ध्यान नहीं दिया। आजकल अनिंद्रा से पीड़ित हूँ सो सुबह तीन बजे इस Edward Francis Elliot जी की पड़ताल करने लगा। वो उन्नीसवीं सदी में पहले चीफ मजिस्ट्रेट और फिर बाद में सुपरिंटेंडेंट ऑफ़ पुलिस रह चुके थे मद्रास के। उनके पिता श्री ह्यू एलियट साहब १८१४ से १८२० के दौरान गवर्नर भी रह चुके थे मद्रास के।

अपने एलियट साहब अमीरज़ादे थे, पढ़े लिखे और बड़े आदमी भी। उनकी एक प्रेमिका हुई Isabella Napier जो संयोगवश Johnstone Napier की पत्नी भी थीं। करीब १९३० के वक्त यह हाई प्रोफाइल प्रेम प्रसंग बहुचर्चित रहा और अपने एलियट साहब ने इसाबेला के साथ विवाह करके इतिहास रच दिया। कहते हैं यह बीच उन्होंने इसाबेला के लिए बनवाया था।

जैसा की लोगों का आरोप है मैं हर बात में मिथिला और दरभंगा को खींच लाता हूँ, मेरा इलेक्ट्रॉनिक संजाल भी मुझ सा ही हो चुका है। इस पड़ताल के क्रम में मुझे एक दूसरे एलियट साहब का पता चला जो मिथिला अर्थात् दरभंगा से जुड़े हैं।

ये Elliot Macnotton साहब उन्नीसवीं शताब्दी के मध्यकाल में भारतीय सिविल सेवा के ब्रिटिश अधिकारी हुए। इलियट साहब एक अच्छे प्रशासक, शिक्षाविद और मार्गदर्शक के रूप में जाने जाते थे, लाजिमी है ब्रिटिश साम्राज्य के करीबी भी रहे।

उसी काल खंड में दरभंगा के महाराज महेश्वर सिंह की आकस्मिक मृत्यु के उपरांत उनके उत्तराधिकारी बने श्रीमान लक्ष्मेश्वर सिंह। चूँकि लक्ष्मेश्वर सिंह जी उस वक्त अल्पवयस्क थे, उस वक्त के क़ानून के मुताबिक़ उनकी राजसत्ता कोर्ट ऑफ़ वार्ड्स के अधीन कर दी गई। इसी प्रक्रिया के अंतर्गत एक यूरोपीय संरक्षक और शिक्षक की नियुक्ति की जाती थी, संयोगवश इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए एलियट मैकनॉटन को चुना गया।

संरक्षक और शिक्षक के रूप में एलियट मैकनॉटन का प्रभाव गहरा और दीर्घकालिक रहा। वे युवराज के निकट रहते थे और उनकी शिक्षा, अनुशासन तथा नैतिक विकास की देखरेख भी करते थे। उनका दायित्व केवल औपचारिक शिक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि एक भावी शासक के व्यक्तित्व निर्माण तक विस्तृत था। लक्ष्मेश्वर सिंह को जहाँ अंग्रेज़ी शिक्षा, विधि, अर्थशास्त्र और आधुनिक प्रशासन की समझ दी गई वहीं उनके अंदर सार्वजनिक दायित्व और उत्तरदायी शासन की भावना भी विकसित की गई।

एलियट मैकनॉटन को अन्य औपनिवेशिक शिक्षकों से अलग करने वाली बात यह थी कि वे स्थानीय संस्कृति के प्रति सम्मान रखते थे। एक अंग्रेजी प्रशासक के अधिकारी होने के बावजूद कभी भी उन्होंने मैथिली परंपराओं या संस्कृत अध्ययन को समाप्त करने का प्रयास नहीं किया। उनके समय में पारंपरिक विद्वानों को युवराज को शिक्षा देने की अनुमति दी गई और पाश्चात्य शिक्षा के साथ-साथ देशज परंपराओं को भी संरक्षित रखा गया।

आधुनिक ज्ञान और सांस्कृतिक निरंतरता के इस संतुलन ने लक्ष्मेश्वर सिंह के व्यक्तित्व पर गहरा प्रभाव डाला। इस शिक्षण और मार्गदर्शन का प्रभाव तब स्पष्ट हुआ जब महाराजा ने दरभंगा राज का दायित्व संभाला। लक्ष्मेश्वर सिंह अपने समय के सबसे प्रगतिशील ज़मींदारों में गिने जाने लगे। वे अपनी उदार दानशीलता, शिक्षा के प्रति समर्थन, सार्वजनिक स्वास्थ्य, अकाल राहत और सांस्कृतिक संस्थानों के संरक्षण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हुए। इतिहासकार मानते हैं कि उनकी सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण उनके निर्माणकाल में एलियट मैकनॉटन के सान्निध्य का ही परिणाम था।

सो ये थे एलियट साहब !

(तस्वीर एलियट इसाबेला बीच की है।)

Saturday, 4 October 2025

पुस्तक समीक्षा - भू-परिक्रमण (इ-समाद)


जबकि मेरे जैसे आम मैथिल विद्यापति को मात्र जय जय भैरवि, प्रेम सह भक्ति रस में डूबे कवि, एक दरबारी और शिवभक्त के तौर पर जानते हैं, जबकि अधिसंख्य मैथिली प्रकाशन का फोकस मात्र सीता का दर्द, अबला नारी, मिथिला महान, चैट जीपीटी ज्ञान और दोयम दर्जे की हिन्दी कविताओं के घटिया नकल तक सीमित होता जा है, जबकि नवांकुर (उम्र से नहीं) कथित प्रगतिशील मैथिल साहित्यकार सड़क छाप प्रेम कहानियाँ लिखने में व्यस्त हैं.... ऐसे में मेरे लिए इस पुस्तक का जिक्र महत्वपूर्ण के साथ साथ एक दायित्वबोध भी है।

पुस्तक की समीक्षा से पूर्व इस पुस्तक को हमारे सामने लाने हेतु मैं आदरणीय भवनाथ झा, अनुज विजयदेव झा और इ-समाद का आभार प्रकट करना चाहता हूँ। इस कालजयी, शोधपरक और ऐतिहासिक पुस्तक के लिए मिथिला मैथिली संबंधित हर एक सम्मान और पुरस्कार इस तिकड़ी के कदमों में न्योछावर !

बात पुस्तक की।

भगवान कृष्ण के मित्र बलदेव ने "नैमिषारण्य से मिथिला की यात्रा" की और उनके यात्रा की चर्चा तब के मिथिला के महाराजा देव सिंह के सामने विद्यापति जी ने की। ऐसी मान्यता है कि स्वयं महाराजा देव सिंह ने न केवल इस यात्रा के स्थलों पर विद्यापति के साथ भ्रमण किया बल्कि यात्रा वृतांत लिखने को प्रेरित भी किया। 

परिणामस्वरूप विद्यापति ने इसे भूपरिक्रमण के नाम से लिखा और उनकी यह पांडुलिपि संस्कृत के कुल 84 श्लोक के तौर पर प्रस्तुत हुई। कोलकाता के संस्कृत कॉलेज में रखी इस पांडुलिपि का जिक्र उत्तरप्रदेश के श्री हर प्रसाद शास्त्री द्वारा पहली बार हुआ और फिर बाद में पहले पंडित श्री मुनीश्वर झा और फिर पंडित श्री बासुकीनाथ झा ने पांडुलिपि का अनुवाद किया।


दोनों ही विद्वान मिथिला से थे और योग्य थे किन्तु उन्होने पांडुलिपि के मर्म को समझने का अतिरिक्त प्रयास किये बगैर इसका अनुवाद मात्र किया। हालांकि दुनियाँ को इस पांडुलिपि से परिचय करवाने का श्रेय इन्हीं दो विद्वानों को जाता है किन्तु इस पांडुलिपि के संस्कृत श्लोकों के प्रामाणिक व्याख्या का सफल प्रयास किया है आज के लब्धप्रतिष्ठित इतिहासकार और पांडुलिपि विशेषज्ञ पंडित श्री भवनाथ झा जी और मिथिला पर अनवरत शोधरत श्रीमान विजयदेव झा ने। 

पांडुलिपि में उद्धृत भौगोलिक सूचना आधारित 135 संस्कृत श्लोक को Geographical, Historical और Spiritual कसौटी पर कसते हुए और इसके पाठ दोष का शुद्धिकरण करते हुए यह पुस्तक सर्वाधिक प्रामाणिक होने के साथ साथ रोचक भी बनाई गई है। तकरीबन बीस वर्ष की आयु में (1360 ईस्वी के आस पास) विद्यापति द्वारा लिखी इस पांडुलिपि को विस्तृत भाव देती इस पुस्तक की सर्वाधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि इस एक पुस्तक में संस्कृत के मूल पाठ के अलावा इसका विश्लेषणपूर्ण अंग्रेजी और हिन्दी अनुवाद भी इसमें समाहित है। 

पुस्तक खास क्यों है ?

आम तौर पर हम और आप नैमिषारण्य का जो अर्थ जान पाते हैं वो है - उत्तरप्रदेश के गोमती नदी का किनारा विद्यापति की यह पुस्तक उत्तरप्रदेश से मिथिला की कथा मात्र है। जबकि यहाँ अंतर यह है कि इ-समाद की यह पुस्तक प्रामाणिक तरीके से यह बताती है कि यह हरियाणा से मिथिला तक की कथा है। 

पुस्तक माता सीता के जन्मस्थली संबंधी हमारी सूचनाओं पर सवाल खड़े करती हुई उसे जनकपुर से 28 कोस दूर होने की बात करती है... जनक, विश्वामित्र और काशी का अछूता सच बयां करती है। यात्रा संस्मरण के तौर पर पुस्तक में देश के अलग अलग स्थानों,  नदियों, धार्मिक स्थलों और उनके इतिहास से जुड़े किस्से लिखे गए हैं। अधिक लिख कर पुस्तक के कौतूहल को समाप्त नहीं करते हुए मात्र इतना कहूँगा की यह पुस्तक अपने समय के भूगोल, संस्कृति और धार्मिक जीवन को समझने में एक प्रामाणिक स्रोत बन पड़ी है।

ई-समाद के माध्यम से मैंने इस पुस्तक के निर्माण की यात्रा देखी है। ब्रिटिश आर्काइव के श्रोत पर हफ्तों चल चलने वाली चर्चा, चार लाइन के श्लोक पर पंद्रह पंक्तियों का विश्लेषण, इस विश्लेषण पर दोनों विद्वानों का घमर्थन... देखा है मैंने। मथा अधिक गया है तो मक्खन भी उच्च कोटी का होगा...  पुस्तक आपको स्पष्ट कर देगी की हमारा मिथिला और हमारे विद्यापति उतने विपन्न नहीं जितना आज के विद्यापति नाइट स्पेशलिस्टों ने उन्हें बना दिया है। 

अंत में अच्छी छपाई, जिल्द और कागज की गुणवत्ता द्वारा पुस्तक को पठनीय बनाने हेतु इ-समाद को मेरी तरफ से विशेष शुभकामना। पुस्तक की रेटिंग मेरी तरफ से कुल 4.8/5 (आवरण - 5, छपाई - 4.5, पठनियता - 4.5, तथ्य - 5, सामाजिक सरोकार - 5) है। 

कुल जमा 228 पृष्ठ के इस संग्रहणीय पुस्तक की कीमत 599 रुपये रखी गई है जिसे आप इ-समाद की वेबसाईट पर लिंक पुस्तक प्राप्ति का लिंक पर प्राप्त कर सकते हैं। 



Saturday, 16 August 2025

एक चिट्ठी धैर्यकांत के नाम - अक्टूबर 2020


डिअर धैर्यकाँत, 

कल ४ महीने बाद तुमने अपने वाल पर लिखा। जब दिल से लिखते हो, लिखते ही हो....शानदार लिखा दोस्त।

ये जितना बड़ा सच है कि लिखने से मन हल्का होता है उतना बड़ा सच ये भी है कि सवाल जवाब और प्रतिउत्तर से वही मन फिर से उतना अधिक भारी भी हो जाता है। अच्छा करते हो की अब इन चक्करों में नहीं पड़ते तुम। 

ये सच है कि सोशल मीडिया पर जो दिखता है दरअसल निजी जिंदगी में वैसा कुछ कम ही होता है। यहाँ अपने सारे दुःख दर्द, सारी कमियां और फ़टे को छुपाकर आता है इंसान। हालाँकि इसके सही वजह का पता नहीं मुझे लेकिन शायद होड़ और प्रतिस्पर्धा सबसे बड़ी वजह लगती है मुझे जिसमें इंसान को जाना कहाँ हैं वो नहीं पता होता है। देख रहा हूँ सब भाग रहे हैं... कोई किसी से बेहतर दिखने में तो कोई खुद को बड़ा ज्ञानी साबित करने में... कोई कोई तो अपनी ही जिंदगी के खालीपन को झुठलाने भर को लिखता है। 

मुझे लगता है हम सबने एक मुखौटा पहन रखा है और कहीं न कहीं यह मुखौटा शायद जरुरी भी है.... जिंदगी जीते रहने के लिए। बिना नकाब शायद आप नकार दिए जाएँ, आपके अपने भी आपको पहचानने से इंकार कर दें क्योंकि उनके लिए आपने जो चोला पहन रखा होता है वो आपको उसी में बने देखना चाहते हैं... कोई आपका वास्तविक रूप या फिर आपको आपके स्वयं की जरूरतों में नहीं देखना चाहता है। 

ऐसे में हम शायद जॉन के उस शेर को याद करके जिए जाते हैं की - कितने दिलकश हो तुम कितना दिलजूँ हूँ मैं, क्या सितम है कि हम लोग मर जाएंगे - हाँ शायद यही सोचकर की दुनियां तो दो दिन का मेला है, मर ही जाना है, कौन पंगे ले... तो दम घुटते हुए भी हम मुखौटा पहने रहते हैं।

हाँ, तुम सही हो की जब इंसान खुद को अपने ही द्वारा परिभाषित सांचें में गलत पाता है तो वो अलग अलग चीजें तलाशने और उनको आजमाने लगता है। जल्दी सबकुछ सही करने की कोशिश में वो आधा अधूरा छोड़ता जाता है सब... उसे लगता है कि ये तो बाद में कर लेंगे लेकिन ये सब अधूरे काम उसके कंधे पर बोझ बढ़ाते जाते हैं... वो झुक कर चलने लगता है, खोया रहता है, वो सिगरेट और शराब को अपना दोस्त समझने लगता है.... उसकी आँखों के निचे के गढ्ढे गहरे होते जाते हैं, उसका खुद का सिस्टम खराब हो जाता है सारा सिस्टम मैनेज करते करते। 

हाँ, रिश्ते चाहे घर के हों या फिर बाहर के या फिर सोशल मीडिया के, साले @#$@% सब स्वार्थ पर ही आधारित होते हैं। एक बार आपने स्वार्थ पूर्ति बंद किया नहीं की वो गधे के सर से सींग की तरह आपके जीवन से गायब। वो ये भी नहीं सोचते समझते की खुद तुम्हारा भी कोई स्वार्थ होगा... क्या पता लाचारी ही हो। उनके हिसाब से लाचारी तो हमारी अपनी है न... वो लोग चले जाते हैं, कहीं और... शायद किसी और की दुनियां में। हमारी बदकिस्मती की वहां वो बजाय हमारे किये की चर्चा के हमारी बदखोई करने में लग जाते हैं। वो हमारी बुराई तक ही शांत नहीं होते बल्कि हमारा ही वजूद ख़त्म करने की साजिश करने में लग जाते हैं... वो यह साबित करने में लग जाते हैं कि कैसे वो ही हमारे लिए जरुरी था, हम नहीं। इसमें एक स्टेप आगे और देखा है मैंने - जिसके सामने हमारी यह तारीफ़ हो रही होती है वो आदमी भी हमारे बारे में एक परसेप्शन बना लेता है... हमसे बिना बात किये कोई आदमी कैसे हमारे बारे में कोई विचार बना लेता है पता नहीं लेकिन आजकल ये नया ट्रेंड चला है कि आप किसी से कुछ सुनकर हमारे बारे में राय बना लो... सोशल मीडिया पर किसी को पढ़ कर उसे जज कर लो और फिर कब्जी सा मुंह फुला लो। 

तुमने लिखा की परिवार और रिश्ते आपके सामने गढ्डा खोद देते हैं। शत प्रतिशत तो ऐसा नहीं है किन्तु हम जहाँ से हैं वहां इसका प्रतिशत बहुत अधिक है। कई उदाहरण देखे हैं मैंने जब एक लड़का अपने परिवार के लिए खुद को ख़त्म कर लेता है और उसका परिवार बजाय शाबाशी के उसकी वजह से न हो पाए कामों के ताने भर देता है। उसने क्या किया ये न बताकर उसने क्या नहीं किया वही बताया गया उसे ताकि उसे याद रह सके की वो बस सहने, थोड़ा और करने और थोड़ा और करने को ही बना है। 

बड़े शहरों की प्रेमिकाएं.... अब इतने सारे उदाहरण देख लिए की इस पर मुझे लिखते हुए भी शर्म आती है। यह मान कर चलो की दिल्ली एन सी आर की प्रेमिकाएं प्रेम नहीं करती बल्कि आपके भोलेपन के हिसाब से आपकी जेब और मानसिक शक्ति (...) के खोखले होने का इंतजार भर करती हैं। बस इतना कहूंगा की प्रेम ही करना है तो बच्चे बच्चियों से करो... खुश महिलाओं को दोस्त बनाओ... ज्यादा जी करे तो केजरीवाल को चंदा दे आओ या फिर खुद को चॉकलेट, वाइन आदि गिफ्ट कर दो..... मगर दिल्ली की प्रेमिकाएं, न बाबा न। 

पता हैं मुझे इन सब बातों से कोई ख़ास मलाल भी नहीं और मैं भी तुम्हारी तरह परवाह भी नहीं करता अब किसी की। अगर भूखा हूँ तो हँसता हूँ, पेट भरे होने पर थोड़ा और हँसता हूँ... वजह की आपके भूखे होने की बात से सब... हाँ, सब के सब हँसेंगे और आपके पेट भरे होने पर हँसते देख कर लोग समझेंगे की इसको तो हंसने की बिमारी है.... असल में फ़िक्र कहाँ होती है कि इस वजह से कुछेक प्रतिशत जो अच्छे लोग हैं आपका भरोसा उनसे भी उठ जाता है... जैसे गेंहूं के साथ घुन पिसता है वैसे ही ये कुछेक प्रतिशत लोग भी पिस रहे... कोई इन पर भी भरोसा नहीं कर रहा... उन्हें उनकी नेकी का हक़ नहीं मिल रहा। 

तुम्हें तो पता ही है पिछले दिनों की कहानी जब बहुत कष्ट में था... थोड़ी झेंप भी रहती थी की जिन्हें मुझसे मदद की आशा रहती थी उन्हें कैसे कहूं की मैं खुद मदद लेने की हालत में पहुँच गया हूँ। हालाँकि फिर भी जो करीब थे वो आये, मेरा परिवार मेरे साथ खड़ा रहा... मेरे दुःख को समझा, मेरा दर्द साझा किया और पूछते रहे। कोई यहाँ था कोई अन्य बड़े शहरों में तो कोई विदेश में... पता है एक रात डेढ़ बजे किसी ने अमरीका से फोन किया और कहा - " प्रवीण, तुम्हे जो भी मदद चाहिए हम तैयार हैं... कहो तो आ जाऊँ" अच्छा लगा। 

हालाँकि मुझे उतना ही बुरा लगा जब पिछले १० महीनों के इस संघर्ष में और संभवतः जीवन की सबसे बड़ी लड़ाई में कुछ लोग या तो अनभिज्ञ बन गए या फिर सब जान बूझकर मुझसे किनारा कर लिया। पहले तो मेरी आदत के अनुसार मैंने इसकी वजह खुद को ही माना की शायद खुद की कोई कमी रही होगी मेरी। लेकिन बाद में अधिक मंथन पर पता लगा कि नहीं, ये तो बस मुझसे इसलिए जुड़े थे की मैं इनके किसी काम आ सकूँ। तुमने सही कहा था - "प्रवीण जी, सीधे नहीं बोलने वालों से दूर रहिये...." 

धैर्यकाँत, अब मैंने निर्णय ले लिया है कि सिर्फ और सिर्फ अच्छे दिनों वाले साथियों को त्याग दूंगा..... मुझे पता है तुम कहोगे की आप तो सबकुछ खुद पर लेकर किसी को जीवन भर त्यागना नहीं चाहते तो आपसे नहीं होगा ये सब। सो भाई - कोशिश करूँगा। क्योंकि पिछले दस महीनों ने (जिसे दस साल की तरह जिया है मैंने) मुझे सीखा दिया है कि मैं भी इंसान ही हूँ। वो इंसान जो सही गलत समझने में गलती कर सकता है... और उसे इस गलती को करेक्ट कर लेना चाहिए। कुछ पुराने को क्रॉस और कुछ नए को टिक करना ही चाहिए। परिणाम की चिंता किये बगैर मुंह पे कहना ही चाहिए की नहीं बॉस, आप नहीं चाहिए... भले कोई बुरा मान जाए, मुझे पागल समझे, एरोगेंट कहे या फिर कुलबोरन। 

लिखते रहो,
तुम्हारा शुभचिंतक,
प्रवीण

Monday, 7 April 2025

हमारी अवधारणाओं से ऊपर - मिथिला की रणभूमि


हमारी छोटी उम्र में नग्नता हमें उत्तेजना दिया करती है। युवावस्था में यही मौज हमें भौतिक (शारीरिक) सुख देता है और प्रौढ़ावस्था में इसकी प्राप्ति के लिए हमें उपलब्धियां, सुकून और नयापन का साथ चाहिए होता है।

जी नहीं, न तो मैं काम शास्त्र पर कोई शोध कर रहा हूँ और न ही मुझे कोई खास चाहत या फिर कोई कमी ही है मेरे अंदर। मैं बस यह कहना चाहता हूँ कि उम्र के हिसाब से आपकी समझ बूझ, आपकी स्वीकार्यता और आपकी इच्छाएं बदलती हैं।

दरअसल यही बात मैंने साहित्य को पढ़ते महसूस किया है। एक ही तरह के साहित्य का अलग अलग अवस्थाओं में अलग अलग असर होता है। जैसे जैसे आपकी समझबबूझ बदलती है (बढ़ती है नहीं लिखा है मैंने), हमारे लिए पढ़ी  पुस्तकों के मायने बदलते जाते हैं। इसका एक बहुत ही सहज उदाहरण है - मैंने शिवानी को लगभग 16-17 वर्ष की उम्र में पढ़ा और फिर 40-45 साल की अवस्था में फिर पढ़ा (जी नहीं, मेरी उम्र 50 साल है), दोनों ही समय मुझे इसका अलग अलग भावार्थ लगा। संभवतः बाद के दिनों में पढे को मैं समग्रता से समझ भी सका या यूं कहिए कि मैं साहित्यकार द्वारा किये अटेम्प्ट के सही इन्टेन्ट तक पहुँच पाया (मुझे पता है, "प्रयास के मर्म को समझ पाया" लिखना था यहाँ)। यह अवस्था संभवतः वह होती है जब आप बाह्य आवरणों के अंदर की बात भाँपने लगते हैं, जब आप चमक-दमक से आकर्षित नहीं होते हैं।

खैर, ऐसा विरले ही होता होगा जब आपकी उम्र (समझबूझ) के हिसाब से साहित्य पढ़ने को मिला हो आपको जब आपका और साहित्य का लेवल समानांतर हो... उदाहरणार्थ वो पल जब आपके मूड के हिसाब से ही पैग और सुट्टा मिल गया हो आपको।

संप्रति अभी मिथिला की रणभूमि पुस्तक को पढ़ते मुझे यही संयोग बनता दिखा। हमारी आम अवधारणायें हैं - हम विद्वान लोग, शास्त्र पुराण पढ़ने और सिखाने वाले लोग, भगवती को पूजने और महादेव से कार्य लेने वाले लोग, भगवान राम को गरियाने का अधिकार रखने वाले लोग, हमारी "अदृश्य" महानता का दंभ रखने वाले हम लोग। उफ्फ़ उफ्फ़ उफ्फ़ !  मेरी हो चुकी उम्र में भी जबकि कई बार उपेक्षा, अन्याय और सुविधाओं की अनउपलब्धता को देखकर मेरी भुजायें फड़कती हैं, कई बार ऐसा होता है जब खून की गर्मी सर तक जाती है किन्तु अपनी अवधारणाओं का ध्यान करके मैं चुप हो जाता रहा। 

ऐसे में इस किताब ने मुझे बल दिया जब मैंने पढ़ा कि हमारे मिथिला महान वाले इतिहास में इन अवधारणाओं के अलावा योद्धाओं और शस्त्र विद्या का पुट भी है। हमने न केवल मैथिली के माध्यम से संस्कृत पढ़ा है बल्कि हमने अस्त्र चलाना भी सीखा था। शास्त्र मात्र पढ़ने का लेबल लिए हमने वस्तुतः आत्मरक्षार्थ शस्त्र भी चलाया है।

जैसा कि मिथिला के सुपरिचित इतिहासकार अवनिन्द्र सर ने पुस्तक के प्राक्कथन में लिखा है - लेखक ने वैज्ञानिक तरीके से संदर्भों की प्रस्तुति तो की ही है, रेफ्रन्स देकर उसे प्रामाणिक भी किया है। लेखक (वस्तुतः शोधकर्ता) सुनील कुमार झा "भानु" जी सहरसा (मुझे दरभंगा वालों, गैर-मैथिल न कहना) के निवासी हैं। भोजपुरी, हिन्दी, अंग्रेजी, जापानी और मैथिली भाषा के जानकार भानु जी ई-समाद के प्रबंध न्यासी भी हैं जो इससे पहले "मंटुनमा" और "प्रेमक टाइमलाइन" लिख चुके हैं। 

कुल जमा 126 पृष्ठ की इस आकर्षक छपाई वाली इस पुस्तक की कीमत बिहार में मिलने वाले एक बियर बोतल के बराबर यानि मात्र 249 रुपया है जिसे ई-समाद बिना डाक खर्च के आप तक पहुंचाता है।

अन्य पुस्तक समीक्षाओं की तरह इसकी अधिक व्याख्या कर मैं पुस्तक का रोमांच कम नहीं करना चाहता... आप इसे पढ़ें, पढ़ाएं और कुछेक गरिष्ठ लोगों के बपौती से इतर और अवधारणाओं से ऊपर अपने वास्तविक मिथिला को जानें !

Wednesday, 20 March 2024

पुस्तक समीक्षा - ललना रे (दीपिका झा)

"ललना-रे" - बाल-साहित्य के तौर पर लिखी इस किताब की साज सज्जा, आवरण, छपाई, पेपर क्वालिटी और इन सब से ऊपर इसका फॉण्ट साइज़ दर्शनीय सह सुपठ्य है. नवारम्भ प्रकाशन ने छपाई को बेहतर करने का उत्तरोत्तर प्रयास किया है जिसका एक उदाहरण है यह पुस्तक. हाँ, अध्याय/ कथाओं के शीर्षक को बेहतर फॉण्ट दिया जा सकता था. 

शुरुआत पुस्तक की प्रस्तावना से जिसे लिखा है सुपरिचित अजित आजाद जी ने. होता क्या है कि जब हम  लगातार रूटीन वर्क करते हैं तो हम चीजों का सामान्यकरण कर देते हैं, अलग अलग तरह के साहित्य का पृथककरण नहीं कर पाते. अजित जी द्वारा लिखित प्रस्तावना का यही हाल हुआ है. उनके लेखन की समग्रता का कोई सानी नहीं किन्तु यहाँ प्रस्तावना लिखते एक तो वो ये भूल गए की यह बाल-साहित्य  है और दूजे प्रस्तावना लिखते वो पुस्तक समीक्षा सा लिख गए जिसमें समूचे पुस्तक का कौतुहल उजागर कर दिया है उन्होंने. संभवतः पुस्तक की लेखिका से अपनी कोई ख़ास दुश्मनी निकाली हो उन्होंने. :)...  एक तरह से पुस्तक में मौजूद हर एक रचना का पोल-खोल उन्होंने यहीं कर दिया है. नि:संदेह वो सुयोग्य हैं, आगे ध्यान रखेंगे. 

अब बात कथाओं की. कुला जमा अठारह कहानियों वाली यह पुस्तक पांच से पंद्रह वर्ष के बच्चों को केन्द्रित कर लिखी गयी है. यहाँ प्रकाशकों को मेरी एक सलाह रहेगी की सिनेमा की तरह पुस्तकों को भी उम्र के हिसाब से UA, UA16, A आदि सर्टिफिकेट दी जाये. 

पुस्तक की कुछ बातें जो आकर्षित करती हैं उनमें से एक है कि लेखिका ने किसी भी कथा में अनावश्यक भूमिका नहीं लिखी और ना ही जबरिया कोई भारी-भरकम शब्द ही घुसाया है. सभी कहानियां काफी सहज, सरल और सुपठ्य हैं. हाँ पहली कहानी में एक करैक्टर "शकूर-अहमद" अनावश्यक लगा मुझे. यह एक नया चलन है संभवतः मैथिली साहित्य में... इसे अनदेखा करते हुए बात पुस्तक की. 

विष्णु शर्मा द्वारा लिखी प्रसिद्ध पुस्तक है "पंचतंत्र" जंगली जीवों को पुस्तक के चरित्र बना कर लिखी कहानियों द्वारा बाल मन को सीख देना इस पुस्तक का लक्ष्य था जिसमें कई दशकों से यह पुस्तक सफल भी रही है. अब जबकि हमारे विद्यालयों में नैतिक शिक्षा की पढाई बंद है, आज भी अभिभावक अपने बच्चों को नैतिक शिक्षा के लिए "पंचतंत्र" उपहार देते हैं.

दीपिका झा जी द्वारा लिखी इस पुस्तक की सभी कहानियों में रोचक घटनाक्रम के द्वारा एक अच्छी सीख देने का प्रयास दिखा है मुझे. जबकि आज के दौर में बच्चे अपनी जन्मभूमि से कट रहे, उन्हें अपनी सभ्यता, ग्रामीण परिवेश और मानव मूल्यों से परिचय करवाती है यह पुस्तक. "अतू" कथा में बाबा द्वारा पालतू कुत्ते को रोटी या चावल का कौर खिलाने का जिक्र नाना की याद दिला गया मुझे जो नित भोजनोपरांत यही  करते थे.  

सभी कथाओं में नैतिक शिक्षा से जुडी एक सीख को आप कहानी की ही एक पंक्ति में पा सकते हैं. कुछ उदाहरण देखें - 

उपयोगी पात - अहाँ के त किताबो स बेसी बुझल अहि बाबा. 

सुआद आ की स्वास्थ्य - जीवन में सुआद आवश्यक छैक मुदा स्वास्थ्य स बेसी नै.

आमक गाछी - आम (सुफल) भेटबाक ढंग सबके लेल अलग अलग होईत छैक.

रंगोली - अपन कला आ संस्कृतिसं प्रेम करब आवश्यक छैक मुदा ताहू स बेसी आवश्यक अपन कला के विस्तार.

वाची-प्राची - कखनो ककरो अपनासं कमजोर नै बुझबाक चाही... कठिन परिश्रमक कोनो विकल्प नहि.  

ऐसे में जबकि मैथिली विद्यालयों से दूर है ही, बच्चे सिंगापूर, दुबई और अमरीका की ओर तक रहे, इस पुस्तक के प्रचार प्रसार से हम अपनी भाषा-संस्कृति के लिए इन दोनों ही राक्षसों पर वार कर सकते हैं. मैं कम से कम दस बच्चों में इस पुस्तक को बांटने का प्रयास करूँगा... आप सब भी पढ़ें. 

Tuesday, 27 February 2024

पाठकीय प्रतिक्रिया - 'भूतों के देश में - आईसलैंड' - प्रवीण झा


डॉक्टर प्रवीण झा रचित पुस्तक 'भूतों के देश में - आईसलैंड' पर रमेश चन्द्र झा जी की पाठकीय प्रतिक्रिया.

यूँ तो अभी तक कई पुस्तकों से साक्षात्कार हो चुका है, मगर, आज पहली बार किसी पुस्तक पर पाठकीय प्रतिक्रिया देने के लिए कलम उठाने का प्रयास किया है। दिलचस्प यह है कि जितना समय लेखक ने इस पुस्तक को लिखने के लिए नहीं लगाया होगा, उससे कई गुणा अधिक वक्त मुझे अपनी पाठकीय प्रतिक्रिया (अनुरोध है कि इसे समीक्षा नहीं समझा जाय) देने में लग गए ! तो प्रस्तुत है - डाॅक्टर प्रवीण कुमार झा द्वारा लिखित पुस्तक 'भूतों के देश में - आईसलैंड' पर मेरी पाठकीय प्रतिक्रिया !

पुस्तक का नाम : भूतों के देश में - आइसलैंड
लेखक : प्रवीण कुमार झा
प्रकाशन : ई-समाद

पुस्तक का नाम देखकर मन में सहज ही कौतुहुल जगता है कि, क्या सच में भूतों का भी कोई अलग से देश है ? यही कौतुहुल और लेखक की किस्सागोई वाली रोचक शैली ने मुझे यह किताब खरीदने और पढ़ने को विवश कर दिया। यह पुस्तक एक यात्रा-वृत्तांत है जिसे प्रवीण कुमार झा जी ने अपने चिरपरिचित रोचक अंदाज में लिखा है। यात्रा-वृत्तांत के बारे में श्री झा का ही कहना है (यह उन्होंने ही फेसबुक पर अपने एक पोस्ट के माध्यम से कहा है) कि यह लिखने वाले के शैक्षणिक पृष्ठभूमि पर निर्भर करता है कि उसका यात्रा-वृत्तांत कैसा होगा। दूसरे शब्दों में कहें तो - यात्रा के दौरान भ्रमण किए गए एक ही स्थान विशेष के बारे में, विभिन्न पृष्ठभूमि के व्यक्तियों द्वारा लिखा गया यात्रा-वृत्तांत, अलग-अलग अनुभव को समेटे होता है। मसलन, पत्रकार अपनी नजर से किसी स्थान का वर्णन करेगा तो पुरातत्ववेत्ता अपनी नजर से। विज्ञान के छात्र का दृष्टिकोण अलग होगा तो, प्रकृति-प्रेमी एवं पर्यावरणविद का अलग। कुल मिलाकर सात अन्धों और उनके द्वारा हाथी के बारे में बनी राय वाली कहानी है। सब अपनी जगह सही होते हैं, मगर पूर्ण कोई नहीं होता। हाँ, सभी मिलकर पूर्णता के नजदीक जरूर होते हैं। हालाँकि, उन्होंने अपनी पेशागत पृष्ठिभूमि का उनकी इस यात्रा-वृत्तांत लेखन पर हावी नहीं होने देने की भरपूर कोशिश भी की है और मेरी समझ से, इसमें उन्हें बहुत हद तक सफलता भी मिली है, मगर पूरी तरह नहीं। एक बात और - एक पाठक के लिहाज से मेरा यह सोचना है कि इस तरह के अंधविश्वास से जुड़े किस्से के पक्ष में अगर विज्ञान की पृष्ठभूमि से जुड़े किसी लेखक द्वारा लिखा गया है, तो वह महज अंधविश्वास नहीं हो सकता। मगर, मैंने पाया कि अनेक अविश्वसनीय दृष्टांतों का उद्धरण देने के बावजूद, लेखक अपनी वैज्ञानिक सोच की परिधि से अंततः बाहर नहीं निकल पाये।

इस किताब में भूतों से इतर बहुत सारी ऐसी रोचक और आश्चर्यजनक जानकारियाँ एवं संस्मरण हैं, जो इसे उपयोगी बनाती है। इन सारे संस्मरणों को उन्होंने कुल चैदह अध्यायों में पिरोया है। चाहे हजारों वर्षों से चली आ रही आइसलैंड की मूलभाषा का अभी भी जीवंत रहना हो या अत्यंत विषम प्राकृतिक परिस्थितियों से जूझते वहाँ के लोगों का जीवट। सबकुछ अद्भुत है। मगर इन सबके बावजूद, पूरी किताब पढ़ने के दौरान यह उत्सुकता बनी ही रही कि अब कुछ ऐसा पढ़ने को मिलेगा जिससे यह साबित हो जाएगा कि सचमुच भूत होते हैं। जिस प्रकार कुछ घाघ अभिभावक छोटे बच्चों को मेला का लोभ दिखाकर मेला में घुमाते तो हैं, मगर, उसे उसकी मनपसन्द की वस्तु न दिलाकर इधर-उधर टहलाकर वापस घर ले आते हैं, वैसी ही अनुभूति मुझे इस किताब को पढ़ने के बाद हुई। नही तो, दो-चार दिन की और छुट्टी लेकर आइसलैंड घूमते और वहाँ की, खासकर ‘होल्माविक‘ जैसे भुतहा शहर की उस रहस्यमयी बुढ़िया के बारे में और अधिक विस्तार से लिखते। मगर नहीं, तूफान के डर से वहाँ से तुरत वापस हो लिए और हम वहाँ के दिलचस्प किस्से से वंचित ही रह गए। मुझे लगता है, लेखक को भी इसका मलाल तो होगा ही, क्योंकि बुढ़िया द्वारा बिना इनके बताये, इन्हें रविवार की फ्लाइट से जाने की बात कहना, कैमरा भूलने पर उसके द्वारा इनको फोन करना (इन्होंने खुद लिखा है कि इन्हें याद नहीं कि इन्होंने उसे अपना मोबाइल नंबर बताया था) और इनके द्वारा लिए गए यंत्र के फोटो की काॅपियों का अदृश्य होना जैसी अचरज से भरी घटनाएं कम रहस्यमयी नहीं थी। हालाँकि, इन्होंने इन सब अचरज से भरी घटनाओं पर तार्किक लेप लगाकर इनको झुठलाने की भरपूर कोशिश अवश्य की है, परन्तु, उसे मानने को मन राजी नहीं होता। इसलिए, ऐसा लगता है कि ‘होल्माविक‘ जैसे रहस्यपूर्ण शहर के बारे में जानने की इच्छा अधूरी ही रह गई।

‘गर आदमियों के बीच हो-हल्ले में ही रहना होता, तो आखिर प्रेत क्यों बनते ?‘- जैसे गुदगुदाने वाले वाक्यों से भरपूर पुस्तक का पहला ही अध्याय, ‘प्रेत परिकथा‘, भूत-प्रेतों के विभिन्न प्रकारों, यथा-ग्रामीण भूत, शहरी भूत, विदेशी भूत आदि के रोचक वर्णन के साथ बड़ी सहजता से तंत्र-साधना के अंतर्गत आने वाले पंच ‘म‘कार साधना का संक्षिप्त उल्लेख करता है। इसके बाद शुरु होती है प्रेतों के देश, आईसलैंड की रोमांचक यात्रा जिसका वर्णन आगे के अध्यायों में है।

पुस्तक के दूसरे अध्याय, ‘प्रेत-लैंड के ऊपर‘ में आईसलैंड का संक्षिप्त किन्तु रोचक वर्णन है जिसमें वहाँ की अनोखी परम्परा और संस्कृति, यथा - लिंग-पूजा, नामकरण-पद्धति, आदि के अतिरिक्त मनुष्य से इतर विचित्र लोग, ‘एल्व‘ एवं डायन जिसे ‘ट्राॅल‘ कहा जाता है, का अद्भुत वर्णन है। लेखक का यह कहना कि कभी बलात्कारियों के वर्चस्व वाला देश, आज स्त्रियों के लिए सर्वोत्तम देश है - विस्मित करता है। नामकरण के बारे में यह रोचक तथ्य, कि इस देश में सभी का उपनाम एक ही है, अचंभित करने वाला है।

‘‘आईसलैंड में लोग पत्थर नहीं फेंकते, इस डर से कि किसी ‘एल्व‘ को न लग जाए‘‘- ऐसा क्यों कहते हैं, अगर जानना हो तो पुस्तक के तीसरे अध्याय, ‘छुपे हुए लोग (हुल्डुफोक)‘ को पढ़ना होगा जिसमें हुल्डुफोक के बारे में रोचक किस्सों के साथ वहाँ के खान-पान और मिलने वाली स्वादिष्ट समुद्री मछलियों के अलावा ‘गुन्नु‘ डायन के अविश्वसनीय किस्सों का भी जिक्र है ।

किसी पुस्तक के सभी अध्यायों का संक्षिप्त विवरण देने से उस पुस्तक को पढ़ने की उत्सुकता खत्म हो सकती है। अतः इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए अब आगे के अध्यायों में वर्णित रोचक एवं रोमांचक रहस्यों पर पर्दा रहने देना ही उचित है। अगर आप भी भूतोें की रहस्यमयी दुुनिया को जानने हेतु उत्सुक हैं, तो इस पुस्तक को पढ़ें और ‘मृत्यु के अखबार‘, ‘होल्माविक के कौवे‘, ‘आईसलैंड के औघड़', ‘लिंगों का घर‘, ‘ज्वालामुखी और नर्क का द्वार‘, भूतों का हवाई-जहाज‘, देवभाषी देश‘, ‘ब्लू लगून‘, ‘सड़ी मछलियों का भोग‘, ‘प्रेतिनों से भेंट‘ तथा ‘अलविदा प्रेत‘ जैसे रोचक अध्यायों से रू-ब-रू हों।

यूँ तो यह पूरी पुस्तक ही रोचक है, परन्तु मुझे जिस अध्याय ने सबसे अधिक प्रभावित किया वह है - ‘देवभाषी देश‘। इस अध्याय में बहुत ही रोचक ढ़ंग से यह बतलाया गया है कि कैसे आईसलैंड के निवासियों ने हजारों वर्षों से चली आ रही अपनी मूल भाषा को संजो के रखा है। यह तब है जब पूरे स्कैन्डिनैविया ही नहीं वरन पूरे विश्व मे सबसे युवा देश आईसलैंड ही है। यह सचमुच प्रेरक है और हमें उनसे इस बात को सीखने की जरूरत है। संस्कृत भाषा के साथ यहाँ के भाषा का तुलनात्मक विवरण गर्वित करने वाला है। मगर, लेखक का यह कहना कि ‘जिस देश का इतिहास सबसे छोटा है, वहाँ इतिहास ज्यों-का-त्यों है एवं जिन देशों का इतिहास प्राचीन और गौरवशाली है, उनका इतिहास मिट गया‘ - सोचने पर विवश करने वाला है।

अंत में मेरा एक सुझाव जो थोड़ा अटपटा सा हो सकता है, वह यह कि इस तरह के यात्रा-वृत्तांत संबंधी पुस्तकों के साथ उसमें वर्णित संबद्ध स्थानों एवं घटनाओं का विडियो भी किसी रूप में संलग्न करना चाहिए जिससे अध्ययन के साथ-साथ उन स्थानों का साक्षात् भी संभव हो सके।

आशा है, लेखक महोदय इस सुझाव पर अमल करेंगे और आईसलैंड की अपनी इस अधूरी यात्रा को पूरा करने पुनः वहाँ की सैर को जाएंगे। अंत में लेखक प्रवीण झा को शुभकामनाओं समेत इस प्रथम पाठकीय प्रतिक्रिया हेतु भुल-चूक लेनी देनी.

रमेश चन्द्र झा

Saturday, 3 February 2024

पुस्तक समीक्षा - बकर पुराण - अजीत भारती


बकर पुराण मुझे ख़ुद का लिखा सा लगा. जो कुछ दिनों से मुझे पढ़ रहे हैं वो यह किताब पढ़ें तो ख़ुद ही मेरी इस बात का सबूत पाएँगे. बक़ौल बकर पुराण, दरअसल हमें स्वीकारना चाहिए की हम कम ही वो लिखते हैं जो हमारे दिल में चलता या होता है... आम बोल चाल वाला मनुष्य लिखते वक़्त सोफ़िस्टिकेटेड हो जाता है... बनावटीपन ले आता है लिखने में... ठीक वैसे ही जैसे सबको बीवी माधुरी और पड़ोसन सनी लेओन अच्छी लगती है... हाथी के दाँत खाने के और दिखाने के...

लेखक ने वास्तविक बोलचाल और लेखन के बड़े से गैप को कम या ख़त्म करने की कोशिश की है... और इससे कई बार यूँ लगता है जैसे इग्ज़ैक्ट्ली मेरे साथ भी ऐसा ही तो हुआ था... ऐसे ही तो बोला था उसने... ऐसे ही तो मैंने उल्लू बनाया था... या फिर साला ये तो हम भी लिख सकते थे टाइप फ़ीलिंग... (हालाँकि लिखने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हम)

अब देखिए आप किसी सरकारी दफ़्तर के पीउन के पास गए और आप बोलते हैं - 'अरे भैया, क्या तुम्हारे साहब अंदर हैं..., साला छोटे से काम के लिए कितना चक्कर लगाओगे..., बैंचो तुम लोग..., कुछ लेना है तो मुँह खोलो न भर देते हैं' - अब इसी बात को यदि आपको लिखना हो या किसी को बताना हो तो आप बताते/लिखते हैं - मैं दफ़्तर में पीउन से मिला और उसे कहा - 'भैया, कितना चक्कर काटना होगा यार, कोई और रास्ता हो तो बताओ जिससे तुम्हारे साहब काम कर दें' बताइए अब कि... आख़िर क्यों ये ढोंग और फ़रेब है कम्यूनिकेशन में. बकर पुराण इसी अंतर को ख़त्म करती लगती है और इसलिए अधिकांश घटनाएँ आस पास की या फिर आपबीती लगती है.

पुस्तक के पहले चैप्टर या बकैती में आम आदमी को ढूँढने की असफल कोशिश की गई है... हालाँकि मेरा मानना है कि आम आदमी और सभ्य आदमी के अलावा एक और तीजा आदमी होता है जो होता तो सभ्य है पर मौक़ा पाते ही आम आदमी हो जाता है.

बकर पुराण शायद यह संदेश भी देता है कि अगर कभी... कहीं अपना शर्ट खोलकर या कमर हिला कर नाचने का मन हो तो नाचो ना... किसने रोका है. शरीर तुम्हारा... मन तुम्हारा.. मौक़ा-ख़ुशी तुम्हारी.. फिर किसी और की परवाह क्यूँ. हाँ, यहाँ ध्यान ये रखना है कि कुछ भी फूहड़ और अश्लील न हो.

'किताब में सब कुछ व्यंग और मौज मस्ती का है' - मेरी यह ग़लतफ़हमी इतनी ज़ोर से टूटी की एक बार तो मैंने किताब को अलट पलट कर देखा की मैं बकर पुराण ही पढ़ रहा हूँ ना. आप ख़ुद ही ग़ौर फ़रमाएँ पहली कहानी की एक लाइन - 'इस देश का दुर्भाग्य है की सेंसिबल लोग रात का शो देखने आते हैं और उधर भरी दोपहरी और भरे बाज़ार में किसी नवयुवक की पीट पीट कर हत्या कर दी जाती है... '

एक और बात जो इस किताब को पढ़ कर पता चलती है वो ये की लेखक ने कामु, क़ाफा, ग़ालिब, प्रसाद, प्रेमचंद ... हिंदी, अंग्रेज़ी, संस्कृत... अच्छा, घटिया... सब साहित्य को न सिर्फ़ पढ़ रखा है बल्कि आत्मसात भी किया हुआ है. बिना पढ़े आसान नहीं है मिका के किसी गाने को शेक्सपियर और ग़ालिब की रचना से जोड़ पाना.

किताब अभी ख़त्म नहीं हुई है किंतु मैं अपनी बकलोली फ़िलहाल यह कह कर ख़त्म करता हूँ की - "आज की भाग दौड़ वाली ज़िंदगी में जहाँ लोगों को बड़ी कहानियाँ या उपन्यास पढने का न तो वक़्त है और न पेशेंस, बकर पुराण छोटे पैकेट का बड़ा मजा है... छोटे छोटे अध्याय के द्वारा एस ज़मीनी लेखक ने बड़े बड़े रोचक अनुभव लिख डाले हैं जो गुदगुदाते हैं, अपना सा अहसास देते हैं, सिखाते हैं.... सबको इस नए टाइप के साहित्य को एक बार ज़रूर पढ़ना चाहिए'


किताब में युवाओं से जुड़े करीब 47 प्रसंग हैं जिसकी शुरुआत सिनेमा से होती है. आम आदमी जब सिनेमा जाता है प्रसंग में लेखक ने सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल जाने वालों, खासकर युवाओं की अल्हड़बाजी को व्यंग्य की शक्ल में जीवंत करने की कोशिश की है. कैसे वे बातों-बातों में बहस-झगड़ा, धक्का-मुक्की करते हैं और दृश्यों के दौरान कमेंट्स कर मजे करते हैं. फिर हिंदी फिल्मों में ऐसा ही क्यों होता है लेख में खासकर '90 के दशक के बॉलीवुड की मसाला फिल्मों में बार-बार नजर आने वाले ट्रेंड के बारे में लिखा गया है कि कैसे इनमें अमूमन हीरो शहरी बाबू होता था, हीरो गरीब और ससुर अमीर होता था, गुंडे बलात्कारी होते थे, जो सफल नहीं हो पाते.



अंत में लम्बे बालों वाले वाले लेखक को दो सलाह है - १) कृपा करके इसकी अगली कड़ी प्रस्तुत की जाय और २) एक बार वाइन को ज़रूर चखें.. ख़ुद को नहीं बल्कि दूसरों के मजे के लिए.. क्या पता लेखनी में और मजा आ जाय 😊